News

राजनाथ सिंह ने बिहार के भाजपा नेताओं को 5 मंत्र दिए, 65 मिनट के भाषण में राजद-कांग्रेस को भी लपेटा:राजनाथ सिंह ने बिहार के भाजपा नेताओं को 5 मंत्र दिए, 65 मिनट के भाषण में राजद-कांग्रेस को भी लपेटा (Date: 03-07-2025)

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बिहार की राजधानी पटना में भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित किया। उन्होंने आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की जीत के लिए भाजपा नेताओं को 5 मंत्र दिए। अपने 65 मिनट के भाषण में उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और कांग्रेस को भी लपेटा। राजनाथ ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में 20 सालों में बिहार में अभूतपूर्व प्रगति हुई है। उनके नेतृत्व में राज्य में हुए सकारात्मक बदलाव स्पष्ट दिख रहे हैं।

प्रदेश भाजपा की कार्यसमिति की बैठक के उदघाटन सत्र में राजनाथ ने दावा किया कि 2025 के विधानसभा चुनाव में एनडीए दो-तिहाई बहुमत से जीतेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं और पार्टी पदाधिकारियों से आह्वान किया कि अभी से चुनाव में पूरी ताकत से जुट जाएं। नीतीश के नेतृत्व में बिहार को विकसित राज्य बनाने का हमें संकल्प लेना है।

राजद और कांग्रेस ने बिहार को बंजर बनाया - राजनाथ

रक्षा मंत्री ने आरोप लगाया कि बिहार पिछड़ा नहीं था, बल्कि कांग्रेस और राजद की सरकार ने इसे पिछड़ा बनाया है। लंबे समय तक इन दोनों पार्टियों की सरकार रही, जिसके दौरान विकास का पहिया उल्टा घूम रहा था। कांग्रेस और राजद ने बिहार को बंजर बना दिया था। राजद के शासन में चारा ही नहीं, सत्ता में बैठे लोग हफ्ता भी खाया करते थे। राजद सरकार ने राज्य को डर, अपराध, भ्रष्टाचार और दबंगों का राज दिया। दूसरी तरफ हमारे उपमुख्यमंत्री और मंत्रियों पर कोई माई का लाल अंगुली नहीं उठा सकता है।