News

श्रावण-सोमवारी पवित्रता और कल्याण का प्रतीक :- (Date: 15-07-2025)

पटना, हिन्दुस्तान ब्यूरो।
बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने श्रावण कृष्ण पक्ष नाग पंचमी की पूर्व संध्या पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि श्रावण मास पवित्रता, आत्मिक शुद्धि और जनकल्याण का प्रतीक है। यह वही माह है जब समुद्र मंथन हुआ था और भगवान शंकर ने संपूर्ण जगत के कल्याण के लिए विषपान किया था। इसलिए यह महीना साधना, सेवा और समर्पण का प्रतीक है।

उपमुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इस वर्ष का सावन, देश और बिहार के लिए सुख, शांति और सौहार्द की सौगात लेकर आएगा। उन्होंने कहा कि यह सावन न सिर्फ आध्यात्मिक और सांस्कृतिक जागरूकता का मार्ग प्रशस्त करेगा, बल्कि विकसित बिहार के संकल्प को भी नई दिशा और ऊर्जा प्रदान करेगा।

राजद-कांग्रेस के “राजनीतिक वनवास” की शुरुआत इसी सावन से

विजय कुमार सिन्हा ने अपने तीखे राजनीतिक बयान में कहा कि “इस सावन से ही बिहार को अराजकता और पिछड़ेपन की ओर धकेलने वाले प्रयासों का शमन होगा। वर्षों तक बिहार को कथनी और करनी के दोहरे मापदंडों से गुमराह करने वाले परिवारवादी दलों के स्थायी राजनीतिक वनवास की शुरुआत इस श्रावण मास से होने जा रही है।”

उन्होंने यह भी कहा कि जिन दलों ने अपने राजनीतिक स्वार्थों के लिए बिहार के भविष्य को बंधक बना दिया था, वे अब जनता के विश्वास से पूरी तरह वंचित हो चुके हैं। राजद-कांग्रेस का तंत्र राज्य को फिर से अस्थिर करने की कोशिश कर रहा है, लेकिन जनता अब जागरूक हो चुकी है।

विकसित बिहार की दिशा में आगे बढ़ रहा है राज्य

विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रतिबद्धता के साथ बिहार अब विकास और सुशासन की राह पर तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। सावन का यह पवित्र मास, सद्भावना, सेवा और संकल्प का प्रतीक बनकर सामने आएगा।