News

बिहार के डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा के आवास पर श्रावण महोत्सव का आयोजन, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया शुभारंभ: (Date: 16-07-2025)

पटना, फर्स्ट बिहार।

बिहार की राजनीति और सांस्कृतिक चेतना के संगम पर आधारित एक भव्य आयोजन में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के सरकारी आवास पर श्रावण महोत्सव एवं नाग पंचमी अनुष्ठान का विधिवत आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया। समारोह में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहित राज्य सरकार के कई मंत्री एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

सावन—सनातन परंपरा और विकास की चेतना का प्रतीक

इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए विजय कुमार सिन्हा ने कहा,

"श्रावण मास सनातन धर्म, संस्कृति और प्रकृति से जुड़ी गहन परंपरा का प्रतीक है। यह न केवल आध्यात्मिक चेतना को जाग्रत करता है, बल्कि समाज में समरसता, श्रद्धा और विकास की भावना को भी मजबूती देता है। नाग पंचमी का पर्व श्रद्धा, शांति और रक्षा का पावन अवसर है।"

उन्होंने कहा कि यह अवसर समाज को भय, भ्रम और विषमता से मुक्त कर सुख, शांति और समृद्धि की दिशा में ले जाने का संकल्प है।

राजनीतिक और सामाजिक ‘विषमुक्त’ बिहार की कामना

विजय सिन्हा ने कहा कि

"भगवान महादेव बिहार को राजनीतिक और सामाजिक विष से मुक्त करें। जनता सकारात्मक और अराजक मानसिकता के बीच का अंतर समझे और बिहार को विकसित बनाने के संकल्प में हर समाज के लोग सहभागी बनें।"

विकास, रोजगार और निवेश की दिशा में हो रहा प्रयास

डिप्टी सीएम ने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार सरकार 1 करोड़ रोजगार और निवेश के लिए अनुकूल माहौल बनाने हेतु कार्यरत है। इस दिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार का भी भरपूर सहयोग मिल रहा है।

उन्होंने जानकारी दी कि आने वाले 18 जुलाई को प्रधानमंत्री जी भगवान सोमेश्वर महादेव की नगरी मोतिहारी आ रहे हैं, जो पूरे बिहार में एक सकारात्मक संदेश लेकर आएगा।