उर्वरकों की कोई कमी नहीं, सभी जिलों में आपूर्ति सुनिश्चित: (Date: 19-07-2025)
राज्य ब्यूरो, जागरण, पटना:
प्रदेश में हाल की मानसूनी वर्षा के बाद धान की रोपनी का कार्य तेजी से शुरू हो गया है। इस बीच किसानों द्वारा उर्वरकों की संभावित कमी की शिकायतों पर कृषि विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है।
उप मुख्यमंत्री एवं कृषि मंत्री विजय सिन्हा ने स्पष्ट किया है कि राज्य में उर्वरकों की कोई कमी नहीं है, और सभी जिलों में मांग के अनुसार आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कृषि विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार के साथ समीक्षा बैठक कर आपूर्ति की स्थिति का आकलन किया।
खरीफ 2025 सीजन के लिए बिहार को केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित उर्वरक आवश्यकताओं के अनुसार:
-
यूरिया: 10.32 लाख टन
-
डीएपी: 2.20 लाख टन
-
एनपीके: 2.50 लाख टन
-
एमओपी: 0.50 लाख टन
-
एसएसपी: 0.75 लाख टन
18 जुलाई तक राज्य में उपलब्ध स्टॉक:
-
यूरिया: 3.92 लाख टन
-
डीएपी: 1.08 लाख टन
-
एनपीके: 2.32 लाख टन
-
एमओपी: 0.66 लाख टन
-
एसएसपी: 1.00 लाख टन
उर्वरक की कालाबाजारी और जमाखोरी को लेकर भी सरकार सख्त है। जिलों में जांच दल गठित किए गए हैं, जो नियमित निरीक्षण और छापेमारी कर रहे हैं। अनियमितता मिलने पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। कृषि निदेशक स्वयं आपूर्ति और वितरण की निरंतर निगरानी कर रहे हैं।
उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कहा:
"सरकार किसानों को समय पर और पारदर्शी तरीके से उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।"