News

बिहार में 2024-25 में मिट्टी के 5 लाख नमूनों की हुई जांच- (Date: 23-07-2025)

नई सोच एक्सप्रेस, पटना।
बिहार के किसान अब अपनी कृषि पद्धति में आधुनिकता ला रहे हैं। राज्य में वित्तीय वर्ष 2024-25 के दौरान मृदा स्वास्थ्य एवं उर्वरता योजना के तहत 5 लाख मिट्टी नमूनों का संग्रहण और विश्लेषण किया गया, जो कि एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

मिट्टी जांच के माध्यम से किसान अपने खेत की मिट्टी में मौजूद पोषक तत्वों की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं और उसी अनुसार फसल चयन तथा उर्वरक का समुचित उपयोग कर रहे हैं। इससे उन्हें कम लागत में अधिक उपज प्राप्त हो रही है।

राज्य सरकार ने किसानों को यह सुविधा मुफ्त में प्रदान करने हेतु 38 जिला स्तरीय मिट्टी जांच प्रयोगशालाएं, 9 चलंत प्रयोगशालाएं, तथा 72 ग्राम स्तरीय प्रयोगशालाएं स्थापित की हैं। इसके साथ ही 2023-24 में 3 अनुमंडल स्तरीय प्रयोगशालाएं और 2024-25 में 11 नई अनुमंडल स्तरीय प्रयोगशालाएं भी शुरू की गई हैं।

इसके अतिरिक्त, कृषि विश्वविद्यालयों और कृषि विज्ञान केंद्रों द्वारा संचालित प्रयोगशालाएं भी सक्रिय रूप से मिट्टी जांच में योगदान दे रही हैं।

यह पहल राज्य के किसानों को वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों की ओर प्रेरित कर रही है, जिससे खेती अब और अधिक लाभकारी बनती जा रही है।