खैनी-चूना से जोड़कर बिहार और बिहारियों का अपमान कर रहे तेजस्वी : (Date: 19-08-2025)
पटना। बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव ने बिहार और बिहारियों को 'खैनी-चूना' से जोड़कर न केवल अपमानित किया है, बल्कि अपने संस्कार और परवरिश का भी परिचय दिया है।
विजय कुमार सिन्हा ने याद दिलाया कि तेजस्वी यादव के पिता जब मुख्यमंत्री थे, तो वे सचिव स्तर के अधिकारियों से खैनी बनवाते थे और पिकदान तक उठवाते थे। इसी कारण बिहार कैडर के करीब आधे अधिकारी एक साथ केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने के लिए मजबूर हो गए थे।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार खैनी और तंबाकू कैंसरकारक होते हैं, उसी प्रकार वंशवादी और अनुकंपा आधारित राजनीति लोकतंत्र के लिए कैंसर है। राजद की स्थापना के बाद से लगातार लालू प्रसाद ही पार्टी के मुखिया बने हुए हैं, बेटा सरकार में वरिष्ठ मंत्री है और बेटियां लोकसभा-राज्यसभा में प्रतिनिधित्व कर रही हैं।
सिन्हा ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वहां चौथी पीढ़ी तक परिवारवाद का दबदबा है। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की स्थिति भी यही है, जहां एक समय करीब दो दर्जन सदस्य सत्ता के विभिन्न पदों पर काबिज थे।
उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन (I.N.D.I.) के सभी दलों में केवल परिवारवाद की समानता है। ये सभी ‘शहजादों की टोली’ की तरह बर्ताव करते हैं। बाबासाहेब का संविधान लहराकर राजनीति तो करते हैं, लेकिन अपनी पार्टी में लोकतांत्रिक मूल्यों को कुचलते हैं।
सिन्हा ने दावा किया कि अब बिहार की जनता पूरी तरह तैयार है। स्वाभिमानी लोग, उद्यमी युवा और उभरती नारीशक्ति मिलकर आगामी चुनाव में राजद-कांग्रेस की परिवारवादी राजनीति का सफाया करेंगे और राज्य को राजनीतिक कैंसर से मुक्त कराएंगे।