News

पीएम और सीएम बिहार को विकसित भारत की धुरी बनाने में जुटे : (Date: 20-08-2025)

पटना। बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर करारा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि दोनों नेता चुनाव आयोग समेत संवैधानिक संस्थाओं पर लगातार सवाल उठाकर नकारात्मक राजनीति कर रहे हैं। सिन्हा ने कहा कि राहुल-तेजस्वी 'जननायक' कहलाने का सपना देखते हैं, लेकिन उनके कार्यकलाप पूरी तरह 'खलनायकों' जैसे हैं।

उन्होंने कहा कि जहाँ एनडीए की डबल इंजन सरकार 'विकसित बिहार' की दिशा में काम कर रही है, वहीं विपक्षी दल भय और भ्रम फैलाकर 'विभाजित बिहार' बनाने की साजिश कर रहे हैं। लोकतंत्र में विपक्ष की रचनात्मक भूमिका होनी चाहिए, लेकिन ये लोग पूरी व्यवस्था को अराजकता और अविश्वास की आग में झोंकना चाहते हैं।

सिन्हा ने आगे कहा कि बीते 10 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार ने बिहार में विकास परियोजनाओं के लिए 9 लाख करोड़ रुपए आबंटित किए हैं। हाल ही में 15 अगस्त को लालकिले से प्रधानमंत्री द्वारा प्रस्तुत 'विकसित भारत' का विज़न बिहार को सबसे अधिक लाभान्वित करने वाला है।

उन्होंने बताया कि ‘डिजिटल स्वराज’ से राज्य के गरीबों, किसानों, मजदूरों और व्यापारियों को व्यापक लाभ मिल रहा है। राष्ट्रीय क्रिटिकल मिनरल मिशन के तहत देशभर में 1200 स्थानों पर खनिजों की खोज चल रही है, जिनमें दर्जनभर से अधिक बिहार में हैं।

सिन्हा ने कहा कि 1 लाख करोड़ रुपए से अधिक की 'पीएम-विकसित भारत रोजगार योजना' से 3.5 करोड़ युवाओं को लाभ मिलेगा और इसमें बिहार के युवा सबसे आगे रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि आज भारत ‘दुनिया का दवाखाना’ बन चुका है और इसमें बिहार के उद्यमी व कर्मी बड़ी भूमिका निभा रहे हैं।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य सरकार दो दशकों से समेकित विकास की दिशा में काम कर रही है। इंफ्रास्ट्रक्चर में लगातार सुधार के साथ 125 यूनिट मुफ्त बिजली और सामाजिक सहायता राशि को 400 से बढ़ाकर 1100 रुपए किया गया है।

सिन्हा ने दावा किया कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बिहार विकसित भारत की धुरी बनने की ओर तेजी से बढ़ रहा है।