डबल इंजन सरकार के सुशासन से मिली सुरक्षा ने मतदाताओं को मतदान हेतु प्रेरित किया: (Date: 11-11-2025)
राज्य के उपमुख्यमंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि बिहार में दोनों चरणों के मतदान के दौरान मतदाताओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने देश के सामने एक उदाहरण प्रस्तुत किया है। हमारे मतदाता, विशेषकर हमारी महिला मतदाताओं ने सशक्तिकरण और निर्णय स्वतंत्रता की सराहनीय मिसाल पेश की है। यह राज्य में लोकतंत्र के प्रति गहरी आस्था और विश्वास का प्रतीक है।
श्री सिन्हा ने कहा कि 2005 से पहले जो बिहार बूथ लूट और मतपेटियों से जिन्न निकालने के लिए कुख्यात था, आज वहां डबल इंजन सरकार के सुशासन से मिली सुरक्षा के कारण हर मतदाता अपनी इच्छानुसार मतदान कर पा रहा है। पिछली विधानसभा चुनावों में जहां लगभग 57 प्रतिशत मतदान हुआ था, वहीं इस बार यह बढ़कर दोनों चरणों में लगभग 65 और 68 प्रतिशत तक पहुँच गया। ये आँकड़े लोकतंत्र की जननी बिहार के लोगों के लोकतांत्रिक व्यवस्था में गहरे विश्वास को दर्शाते हैं। इसमें चुनाव आयोग की वोटर लिस्ट समीक्षा प्रक्रिया (SIR), मतदाता जागरूकता अभियान और उत्कृष्ट चुनाव प्रबंधन की भी महत्वपूर्ण भूमिका है।
श्री सिन्हा ने आगे कहा कि राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से मिल रही सूचनाओं से स्पष्ट है कि अभूतपूर्व जनादेश के साथ बिहार एक बार फिर डबल इंजन सरकार बनाने जा रहा है। जनता ने RJD-कांग्रेस के हवा-हवाई वादों की बजाय प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री की दृढ़ नेतृत्व क्षमता को अपना आशीर्वाद दिया है। बिहार के मतदाताओं ने जातिगत विभाजन के सभी प्रयासों को खारिज कर 'सबका साथ, सबका विकास' की समावेशी सोच पर अपनी मुहर लगाई है।