News

विशेष सर्वेक्षण कार्य में तेजी लाएं अफसर : (Date: 09-12-2025)

राज्य ब्यूरो, पटना।
उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने राज्य में चल रहे विशेष सर्वेक्षण कार्य में और तेजी लाने का निर्देश दिया है। उन्होंने सोमवार को अपने कार्यालय में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की, जिसमें विभाग के प्रधान सचिव सीके अनिल, भू-अभिलेख एवं परिमाप निदेशक जे. प्रियदर्शिनी सहित सभी वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि सर्वे कार्य को तय समय सीमा के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने बताया कि—

  • पहला चरण (सितंबर 2020 से) : 20 जिलों के 89 अंचलों के 5657 मौजा

  • दूसरा चरण (अगस्त 2024 से) : 18 जिलों के 448 अंचलों के 37384 मौजा
    …इनमें विशेष सर्वेक्षण कार्य शुरू किया गया है।

पहले चरण के अंतर्गत 961 गांवों में सर्वेक्षण पूरा कर अंतिम अधिकार अभिलेख प्रकाशित किए जा चुके हैं, जबकि अन्य गांवों में कार्य तेजी से चल रहा है।

पिछड़ी पंचायतों पर रहेगी विशेष नजर

समीक्षा बैठक में उपमुख्यमंत्री ने सभी जिलों की अंचलवार प्रगति का विस्तृत आकलन किया। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक जिले में सर्वे में सबसे पीछे चल रही 10 पंचायतों की सूची तैयार की जाए और उन पर विशेष निगरानी रखते हुए कार्य की गति बढ़ाई जाए।