बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा एक्शन मोड में, भू-माफियाओं पर बोले—“बुलडोजर से भी बड़े एक्शन के लिए तैयार रहें”- (Date: 11-12-2025)
बिहार के उपमुख्यमंत्री एवं राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा विभाग का कार्यभार संभालने के बाद लगातार एक्शन मोड में दिखाई दे रहे हैं। बुधवार (10 दिसंबर, 2025) को मीडिया से बातचीत में उन्होंने भू-माफिया के साथ-साथ उनसे जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों पर भी कड़ी कार्रवाई की घोषणा की।
विजय सिन्हा ने कहा कि जानकारी मिल रही है कि कई भू-माफिया फर्जी कागजात तैयार कर अधिकारियों और न्यायालय का समय बर्बाद करते हैं। अब ऐसे लोगों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने साफ कहा कि यह भी जांच की जाएगी कि भू-माफिया के पीछे कौन-कौन अधिकारी और पदाधिकारी हैं। “जड़ तक जाएंगे और पता लगाएंगे कि उन्हें संरक्षण कौन दे रहा है,” उन्होंने कहा। साथ ही यह भी निर्देश दिया गया कि राजस्व कर्मचारी अपनी पंचायत और अंचल कार्यालय में ही बैठेंगे।
“भू-माफिया के यहां चलेगा बुलडोजर”
भू-माफियाओं को सख्त चेतावनी देते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि साक्ष्य मिलने के बाद निश्चित रूप से बुलडोजर एक्शन होगा। उन्होंने कहा, “बुलडोजर देखने और सुनने में जितना अच्छा लगता है, उसकी कार्रवाई उससे भी ज्यादा असरदार होती है। भू-माफिया सतर्क हो जाएं।”
खनन विभाग में सुधार, अब भूमि सुधार विभाग पर फोकस
विजय सिन्हा ने कहा कि खनन विभाग में काफी हद तक सुधार हुआ है और अब भूमि सुधार विभाग में भी पारदर्शिता बढ़ाई जाएगी, जिससे आम जनता को सहूलियत मिलेगी। उन्होंने कहा कि चाहे वे पद पर रहें या नहीं, लेकिन जो सिस्टम तैयार किया जाएगा उससे लोगों को लंबे समय तक लाभ मिलेगा।
15 दिसंबर से शुरू होगा “भूमि सुधार जन कल्याण संवाद” अभियान
उन्होंने घोषणा की कि विभाग जल्द ही “भूमि सुधार जन कल्याण संवाद” नाम से एक नया अभियान शुरू करने जा रहा है। इसकी शुरुआत 15 दिसंबर को लखीसराय से होगी। यह कार्यक्रम हर जिले में आयोजित किया जाएगा। अभियान के तहत दाखिल-खारिज, कागजात की त्रुटियों का समाधान और अन्य जमीन संबंधी समस्याओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
विजय सिन्हा ने कहा कि दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) विभाग की पहली प्राथमिकता होगी और इसके लिए सभी अधिकारियों के साथ हर सप्ताह समीक्षा बैठक की जाएगी।