कल उपमुख्यमंत्री जमीन से जुड़ी समस्याओं को सुनेंगे- (Date: 30-12-2025)
सहरसा,
उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा बुधवार को प्रेक्षागृह, सहरसा (विकास भवन के बगल में) में आम जनता से संवाद करेंगे और अधिकारियों के साथ राजस्व कार्यों की समीक्षा करेंगे।
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग से जुड़ी महत्वपूर्ण सेवाएं आम लोगों को समय सीमा में उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भूमि सुधार जन कल्याण संवाद का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम पहली पाली में सुबह 11 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक चलेगा, जिसमें राजस्व से संबंधित ऑनलाइन सेवाओं, समस्याओं और उनके समाधान को लेकर आम लोगों की शिकायतें सुनी जाएंगी।
कार्यक्रम के दौरान प्राप्त आवेदनों में से कुछ का अंचलवार चयन कर मौके पर ही अंचल अधिकारी एवं राजस्व कर्मचारियों को शिकायतकर्ता के समक्ष बैठाकर समस्याओं पर चर्चा कर समाधान का प्रयास किया जाएगा। इस सत्र में राजस्व विभाग से जुड़े सभी भूमि सुधार उपसमाहर्ता, अंचल अधिकारी, राजस्व अधिकारी एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहेंगे। शिकायतकर्ताओं का पंजीकरण सुबह 9 बजे से 10:30 बजे तक अंचलवार लगाए गए काउंटरों पर किया जाएगा।
इसके बाद द्वितीय पाली में अपराह्न 3:30 बजे से शाम 5 बजे तक राजस्व विभाग के सभी पदाधिकारियों एवं राजस्वकर्मियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में दाखिल-खारिज, परिमार्जन प्लस, ई-मापी सहित सभी ऑनलाइन सेवाओं की स्थिति की आंकड़ों के साथ समीक्षा की जाएगी। साथ ही अभियान बसेरा-2 की भी विशेष समीक्षा होगी।
बताया गया कि सभी जिलों में एक-एक राजस्व ग्रामवार कार्यों की समीक्षा की जा रही है और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समय-सीमा में मामलों के निष्पादन के निर्देश दिए जा रहे हैं। फिलहाल प्रमंडल मुख्यालयों में समीक्षा का कार्य जारी है।