परिमार्जन प्लस मामलों के निपटारे पर अधिकारियों को मिलेगा पुरस्कार- (Date: 07-01-2026)
पटना, राज्य ब्यूरो।
उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा है कि 15 जनवरी तक परिमार्जन प्लस के लंबित आवेदनों का निबटारा करने वाले अधिकारियों को पुरस्कृत किया जाएगा। वहीं 31 जनवरी तक दाखिल-खारिज के सभी लंबित मामलों के निपटारे के निर्देश दिए गए हैं।
बुधवार को डीसीएलआर की समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि न्यायालय संबंधी कार्यों को प्राथमिकता देने से राजस्व प्रशासन अधिक प्रभावी बनेगा।
उपमुख्यमंत्री ने प्रधान सचिव को बेहतर प्रदर्शन करने वाले पांच डीसीएलआर की टीम गठित कर कमजोर अनुमंडलों में भेजने का निर्देश दिया। जल्दबाजी में लिए गए निर्णयों की शिकायतों को देखते हुए विभाग स्तर पर माइक्रो मॉनिटरिंग टीम गठित करने की बात भी कही गई।