News

बेहतर खनन परिदृश्य पर चर्चा, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने गुजरात के मुख्यमंत्री से की मुलाकात- (Date: 09-01-2026)

गांधीनगर (गुजरात)। केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्रालय द्वारा आयोजित ‘राष्ट्रीय खनन चिंतन शिविर’ में भाग लेने पहुंचे बिहार के उपमुख्यमंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा ने गुजरात के मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्र पटेल से मुलाकात की। इस दौरान पर्यावरण अनुकूल, आधुनिक और लाभकारी खनन व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। उल्लेखनीय है कि गुजरात के मुख्यमंत्री के पास ही खान एवं भूतत्व विभाग का दायित्व भी है।

मुलाकात के बाद उपमुख्यमंत्री श्री सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में खनन उद्योग विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। आज खनन केवल एक उद्योग नहीं, बल्कि देश की सुरक्षा, संप्रभुता और विकास का आधार बन चुका है। खनन क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सहित आधुनिक तकनीकों का तेजी से समावेश हो रहा है।

उन्होंने बताया कि गुजरात के मुख्यमंत्री ने बिहार के खान एवं भूतत्व विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की है। अवैध खनन पर नियंत्रण और राजस्व समाहरण में सुधार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में स्पष्ट नीति और नीयत का परिणाम बताया गया।

श्री सिन्हा ने कहा कि बीते दो वर्षों में विभागीय प्रयासों से खनन राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। वर्ष 2024-25 में 3500 करोड़ रुपये के लक्ष्य के मुकाबले 3570 करोड़ रुपये का वास्तविक राजस्व संग्रह हुआ, जो लक्ष्य का लगभग 102 प्रतिशत है। वहीं, 2023-24 में 3300 करोड़ से बढ़ाकर 2025-26 के लिए लक्ष्य 3850 करोड़ रुपये किया गया है।

उन्होंने कहा कि अवैध खनन और परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण से खनन अपराधों, राजस्व हानि और सड़कों-पुलों को होने वाली क्षति में कमी आई है। ‘बिहारी खनन योद्धा’ पहल के तहत जनभागीदारी भी बढ़ी है, जिससे सरकार, उद्यमी और उपभोक्ता—तीनों के हितों का संरक्षण सुनिश्चित हुआ है।