एग्री स्टैक रजिस्ट्रेशन की बढ़ी तिथि, आज भी लगेंगे शिविर- (Date: 10-01-2026)
एग्री स्टैक (फार्मर आईडी) के तहत किसानों के रजिस्ट्रेशन की तिथि एक दिन बढ़ा दी गई है। अब यह प्रक्रिया शनिवार, 10 जनवरी तक जारी रहेगी। यह जानकारी उप मुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने शुक्रवार को दी।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के किसानों को केंद्र एवं राज्य सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं का समुचित लाभ दिलाना डबल इंजन की सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से फार्मर आईडी रजिस्ट्रेशन की समय-सीमा एक दिन और बढ़ाई गई है, ताकि कोई भी पात्र किसान इससे वंचित न रह जाए।
उन्होंने किसानों से अपील की कि वे निर्धारित समय के भीतर अपने पंचायत भवनों में आयोजित शिविरों में पहुंचकर फार्मर आईडी निबंधन कराएं। प्रभावी निगरानी के लिए राजस्व मुख्यालय के 15 वरीय अधिकारियों को फील्ड में तैनात किया गया है।
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के वरीय अधिकारियों के अनुसार फार्मर आईडी बनने से किसानों को कई महत्वपूर्ण लाभ मिलेंगे। इसके तहत पीएम किसान योजना की राशि सीधे किसानों के बैंक खाते में भेजी जाएगी। इसके अलावा कृषि विभाग द्वारा संचालित सभी योजनाओं का लाभ भी पात्र किसानों को सहज रूप से मिल सकेगा। साथ ही, निबंधन प्रक्रिया के दौरान जमाबंदी का शुद्धिकरण भी सुनिश्चित किया जाएगा।
शिविरों में निबंधन के लिए किसानों से आधार कार्ड, मोबाइल नंबर और लगान रसीद साथ लाने की अपील की गई है।