एग्री स्टैक रजिस्ट्रेशन की तिथि बढ़ी, आज भी पंचायतों में लगेंगे शिविर- (Date: 11-01-2026)
एग्री स्टैक के तहत किसानों के फार्मर आईडी रजिस्ट्रेशन की तिथि एक दिन के लिए बढ़ा दी गई है। अब यह निबंधन शनिवार, 10 जनवरी तक किया जा सकेगा। इसकी जानकारी उप मुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने शुक्रवार को दी।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के किसानों को केंद्र एवं राज्य सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं का समुचित लाभ दिलाना डबल इंजन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से फार्मर आईडी रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि बढ़ाई गई है, ताकि कोई भी पात्र किसान योजना से वंचित न रह जाए।
उन्होंने किसानों से अपील की कि निर्धारित समय के भीतर अपने-अपने पंचायत भवनों में आयोजित शिविरों में पहुंचकर फार्मर आईडी निबंधन कराएं। प्रभावी निगरानी के लिए राजस्व मुख्यालय के 15 वरीय अधिकारियों को फील्ड में तैनात किया गया है।
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के वरीय अधिकारियों के अनुसार फार्मर आईडी बनने से किसानों को कई महत्वपूर्ण लाभ मिलेंगे। इसके तहत पीएम किसान योजना की राशि सीधे किसानों के बैंक खाते में भेजी जाएगी। साथ ही कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ भी पात्र किसानों को आसानी से मिल सकेगा। इसके अलावा निबंधन प्रक्रिया के दौरान जमाबंदी के शुद्धिकरण की भी व्यवस्था की गई है।
शिविरों में निबंधन के लिए किसानों से आधार कार्ड, मोबाइल नंबर और लगान रसीद साथ लाने की अपील की गई है।