पटना
एग्री स्टैक योजना के तहत राज्य में फार्मर रजिस्ट्रेशन अभियान लगातार गति पकड़ रहा है। रिपोर्ट के अनुसार रविवार की शाम तक 16 लाख 12 हजार से अधिक किसानों का पंजीकरण पूरा किया जा चुका है। वहीं पीएम किसान योजना के अंतर्गत पंजीकृत किसानों की संख्या 10 लाख 48 हजार से अधिक हो गई है।
उप मुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने सोमवार को कहा कि फार्मर रजिस्ट्रेशन अभियान राज्य के किसानों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि एक ही दिन में 2.87 लाख से अधिक किसानों का रजिस्ट्रेशन होना और कुल पंजीकरण का आंकड़ा 16 लाख से पार जाना इस अभियान की सफलता को दर्शाता है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल के माध्यम से किसानों को एक डिजिटल पहचान मिल रही है, जिससे पीएम किसान सहित केंद्र एवं राज्य सरकार की सभी योजनाओं का लाभ सीधे किसानों तक पहुंच सकेगा। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों, जिला प्रशासन और किसानों से अपील की कि वे अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं, ताकि अधिक से अधिक किसानों को इस योजना से जोड़ा जा सके।