News

श्री विजय कुमार सिन्हा के सियासी संग तेज प्रताप भी पहुंचे- (Date: 14-01-2026)

भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने मंगलवार को मकर संक्रांति के अवसर पर अपने सरकारी आवास पर पारंपरिक ‘चूड़ा-दही’ भोज का आयोजन किया। इस भोज ने बिहार की राजनीति में नई अटकलों को जन्म दे दिया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पाण्डेय, लघु जल संसाधन मंत्री संतोष कुमार सुमन सहित एनडीए के कई वरिष्ठ नेता और भाजपा संगठन के प्रमुख चेहरे मौजूद रहे।

इस आयोजन में पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव की मौजूदगी ने राजनीतिक संदेशों को और गहरा कर दिया। उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने तेज प्रताप यादव का गर्मजोशी से स्वागत किया। भोज के दौरान जब पत्रकारों ने तेज प्रताप यादव से एनडीए में शामिल होने को लेकर सवाल किया, तो उन्होंने संकेतात्मक जवाब दिया। उन्होंने कहा कि दही-चूड़ा भोज का आमंत्रण मिला था, हम अपना धर्म निभाने आए हैं। राजनीतिक विचारधाराएं अलग हो सकती हैं, लेकिन सांस्कृतिक विरासत एक है। बाकी बातें समय आने पर स्पष्ट होंगी।

वहीं उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि सनातन संस्कृति के संस्कारों के साथ हर बिहारी एकजुट होकर बिहार की गौरव गाथा को आगे बढ़ाएगा। “हम बिहारी, सब पर भारी” की भावना को मजबूत करना ही इस तरह के आयोजनों का उद्देश्य है।

मकर संक्रांति के अवसर पर आयोजित ‘चूड़ा-दही’ भोज कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया। कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने मुख्यमंत्री को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने स्वामी विवेकानंद और भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया।

इस अवसर पर विधायक श्याम रजक सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे। एनडीए नेताओं की मौजूदगी और तेज प्रताप यादव की सहभागिता ने इस भोज को राजनीतिक दृष्टि से खास बना दिया।