News

जिलों के प्रभारी मंत्रियों की जिम्मेदारी तय, विजय कुमार सिन्हा को मुजफ्फरपुर व भोजपुर का प्रभार- (Date: 21-01-2026)

राज्य सरकार ने जिलों के प्रभारी मंत्री सह कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के अध्यक्ष की जिम्मेदारी तय कर दी है। मंत्रिमंडल सचिवालय ने रविवार को इस संबंध में आदेश जारी किया।

जारी आदेश के अनुसार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पटना जिले का प्रभारी मंत्री बनाया गया है, जबकि उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा को मुजफ्फरपुर और भोजपुर जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

राज्य के 38 जिलों का प्रभार कुल 25 मंत्रियों के बीच बांटा गया है। इसके साथ ही वरिष्ठ अधिकारियों को भी अलग-अलग जिलों के प्रभारी सचिव की जिम्मेदारी दी गई है।

प्रभारी मंत्रियों को अपने-अपने जिलों में सरकारी योजनाओं और कार्यक्रमों की निगरानी, समीक्षा तथा उनके प्रभावी क्रियान्वयन में तेजी लाने की जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही वे स्थानीय समस्याओं के शीघ्र निष्पादन को भी सुनिश्चित करेंगे।

इस क्रम में कई मंत्रियों को एक से अधिक जिलों की जिम्मेदारी दी गई है। ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी को तीन जिलों का प्रभारी मंत्री बनाया गया है।

कई मंत्रियों की बदली गई जिम्मेदारी
इस बार कई मंत्रियों के जिला प्रभार में बदलाव किया गया है, जबकि कुछ मंत्रियों को दो-दो जिलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले 25 अप्रैल 2025 को जिला प्रभारी मंत्रियों की नियुक्ति की गई थी।