राजस्व प्रशासन को और जवाबदेह बनाया जाएगा : (Date: 16-02-2026)
पटना, विशेष संवाददाता।
उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री Vijay Kumar Sinha ने कहा है कि राज्य सरकार डिजिटल अवसंरचना को मजबूत कर राजस्व प्रशासन को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि बिहार भूमि पोर्टल पर निर्धारित सर्वर मेंटेनेंस कार्य डिजिटल भूमि सेवाओं को सुरक्षित, प्रभावी और सुचारु बनाने की एक महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को भूमि से जुड़ी सभी सेवाएं तेज, सुरक्षित और त्रुटिरहित तरीके से उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पोर्टल की कार्यक्षमता बढ़ाने और डेटा सुरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से तकनीकी उन्नयन का कार्य पूरा किया गया है।
इस तकनीकी सुधार के तहत भूमि के क्षेत्रफल का मानकीकरण किया गया है। हेक्टेयर को एकड़ और डिसमिल में रूपांतरित करते हुए तकनीकी सत्यापन के बाद कुल रकबा का निर्धारण तथा अभिलेखों का अद्यतन किया गया है। इससे भू-अभिलेखों में पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित होगी।
उपमुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी विभाग आधुनिक तकनीक का उपयोग कर सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार करता रहेगा। उन्होंने निर्धारित सर्वर मेंटेनेंस कार्य की सफलता पर संतोष व्यक्त किया।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, इस सर्वर मेंटेनेंस का उद्देश्य पोर्टल की तकनीकी क्षमता को उन्नत करना, सर्वर की कार्यक्षमता में सुधार लाना और डेटा सुरक्षा तंत्र को और मजबूत बनाना था। इस दौरान सर्वर अपग्रेडेशन, सुरक्षा प्रोटोकॉल का सुदृढ़ीकरण, सिस्टम ऑप्टिमाइजेशन तथा बैकएंड संरचना में आवश्यक सुधार किए गए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इन सभी प्रयासों का लक्ष्य आम लोगों को अधिक तेज, पारदर्शी और त्रुटिरहित ऑनलाइन भूमि सेवाएं उपलब्ध कराना है।