News

हर अंचल कार्यालय में लगेंगे सीसीटीवी कैमरे, 6.71 करोड़ रुपये आवंटित- (Date: 19-02-2026)

पॉलिटिकल रिपोर्टर, पटना

राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने राज्य के सभी अंचल कार्यालयों में सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में विभाग के सचिव गोपाल मीणा ने सभी जिलाधिकारियों एवं समाहर्ताओं को पत्र जारी कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।

जारी आदेश के अनुसार राज्य के कुल 537 अंचल कार्यालयों में सीसीटीवी कैमरों की खरीद एवं अधिष्ठापन के लिए प्रति अंचल 1.25 लाख रुपये की दर से कुल 6 करोड़ 71 लाख 25 हजार रुपये वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए स्वीकृत किए गए हैं। संबंधित अंचलों को राशि उपलब्ध करा दी गई है।

पत्र में स्पष्ट किया गया है कि आवंटित राशि का उपयोग केवल सीसीटीवी कैमरों की खरीद और स्थापना के लिए ही किया जाएगा। किसी अन्य कार्य में इस राशि का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही निर्देश दिया गया है कि स्वीकृत राशि की निकासी इसी वित्तीय वर्ष में सुनिश्चित की जाए।

उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री Vijay Kumar Sinha ने कहा कि राज्य सरकार प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जनोन्मुख बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। सभी अंचल कार्यालयों में सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्णय इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इससे आम नागरिकों को बेहतर और सुरक्षित वातावरण में सेवाएं प्राप्त होंगी तथा कार्यालयों की कार्यप्रणाली की सतत निगरानी संभव हो सकेगी।