News

कचरे से कंपोस्ट तैयार करने को लेकर एजेंसी चयन की प्रक्रिया जारी- (Date: 20-02-2026)

उपमुख्यमंत्री सह नगर विकास मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान जानकारी दी कि प्रदेश के 74 नगर निकायों में कचरे से कंपोस्ट तैयार किए जाने के लिए एजेंसी चयन की प्रक्रिया चल रही है। इनमें से 19 शहरों में चार लाख टन कचरे के निस्तारण की प्रक्रिया प्रारंभ की जा चुकी है।

रणा रणधीर द्वारा पूछे गए प्रश्न के जवाब में मंत्री ने बताया कि पटना, भागलपुर सहित कई शहरों में वर्षों से जमा पुराने कचरे को लंबे समय तक खुले में रखने के कारण गंभीर पर्यावरणीय समस्याएं उत्पन्न हुई हैं। इससे वायु, जल और भूमि प्रदूषण के साथ-साथ स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें भी बढ़ी हैं।

उन्होंने बताया कि केवल पटना में ही लगभग 13 लाख टन से अधिक पुराना कचरा जमा है, जिसका प्रतिकूल प्रभाव वायु गुणवत्ता पर पड़ा है। सरकार इस समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में कार्य कर रही है।