News

अब सीसीटीवी में कैद होगी अंचल कार्यालयों की हर गतिविधि : (Date: 21-02-2026)

राज्य के सभी 537 अंचल कार्यालयों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने के बाद अब वहां की हर गतिविधि की ऑनलाइन निगरानी की जाएगी। उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि सभी अंचल कार्यालयों में उच्च गुणवत्ता वाले 2 मेगापिक्सल कलर एवं ऑडियो सपोर्टेड कैमरे लगाए जाएंगे। इसके साथ ही 16 चैनल एनवीआर (नेटवर्क वीडियो रिकॉर्डर) की व्यवस्था होगी और 30 दिनों की अनिवार्य रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखी जाएगी।

मंत्री ने कहा कि यह व्यवस्था कार्यालयों की सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लागू की जा रही है। सभी स्तरों पर इसका सख्ती से पालन कराया जाएगा।

उन्होंने यह भी बताया कि अंचल कार्यालयों में आने वाले आम लोगों के लिए बैठने, पेयजल और शौचालय की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। सभी कैमरों को बिहार स्टेट वाइड एरिया नेटवर्क (बीएसडब्ल्यूएएन) अथवा हाई-स्पीड नेटवर्क से जोड़कर रिमोट मॉनिटरिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि उच्च अधिकारी कार्यालयों की गतिविधियों पर नजर रख सकें।