News

अवैध होर्डिंग एवं बैनर हटाने हेतु विशेष अभियान, 200 होर्डिंग हटाए गए, 250 को नोटिस- (Date: 23-02-2026)

पटना नगर निगम द्वारा नगर क्षेत्र के सभी छह अंचलों में अवैध होर्डिंग एवं बैनर हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। नगर आयुक्त यशपाल मीणा के निर्देशानुसार यह अभियान संचालित किया गया।

अभियान के दौरान डाकबंगला चौराहा, गांधी मैदान, नेहरू पथ, एग्जीबिशन रोड सहित विभिन्न प्रमुख स्थलों पर कार्रवाई करते हुए कुल 200 अवैध होर्डिंग हटाए गए। इसके अतिरिक्त नियमों का उल्लंघन करने वाले 250 व्यक्तियों/संस्थाओं को नोटिस जारी किया गया।

नगर निगम द्वारा 17 से अधिक स्थानों पर अवैध रूप से लगाए गए होर्डिंग एवं बैनर हटाए गए। कई मामलों में बिना अनुमति सार्वजनिक संपत्ति, विद्युत पोल, सरकारी एवं निजी भवनों पर विज्ञापन लगाए जाने की पुष्टि हुई। संबंधित एजेंसियों एवं व्यक्तियों को बकाया राशि जमा करने तथा नियमानुसार अनुमति लेने के निर्देश दिए गए हैं।

नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति होर्डिंग/बैनर लगाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। जुर्माना वसूली, लाइसेंस निरस्तीकरण तथा आवश्यक होने पर प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई भी की जाएगी। बकाया भुगतान नहीं करने वाली एजेंसियों को काली सूची (ब्लैकलिस्ट) में डालने की प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है।

पटना नगर निगम शहर के सौंदर्यीकरण, यातायात व्यवस्था की सुगमता एवं जन-सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के अभियान आगे भी निरंतर जारी रखेगा।