पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को बिहार म्यूजियम और पटना म्यूजियम को जोड़ने वाली सुरंग (टनल) निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। लगभग 542 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह सुरंग करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी होगी। इस परियोजना का उद्देश्य दोनों संग्रहालयों के बीच आवागमन को आसान बनाना और पर्यटन को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को सुरंग निर्माण की पूरी प्रक्रिया और समयसीमा की विस्तृत जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ तेजी से पूरा किया जाए, ताकि आम लोगों और पर्यटकों को जल्द इसका लाभ मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि टनल का निर्माण इस प्रकार किया जाए कि नेहरू पथ पर यातायात प्रभावित न हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरंग बन जाने से बिहार म्यूजियम और पटना म्यूजियम के प्रदर्शनों को एक साथ देखने की सुविधा मिलेगी, जिससे पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी। इसके साथ ही परिसर में पार्किंग, ओपन स्पेस और अन्य सुविधाओं की भी समुचित व्यवस्था की जाएगी।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने बिहार म्यूजियम के सामने बन रहे 60 आवास, ऑफिसर्स हॉस्टल कैंपस और पार्क के पुनर्विकास कार्य की भी जानकारी ली और स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि यहां ओपन पार्किंग, क्लब हाउस और अन्य आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे परिसर अधिक सुव्यवस्थित और आकर्षक बनेगा।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा कर जनता के लिए जल्द उपलब्ध कराया जाए।