पटना। नगर निकाय क्षेत्रों में मनमाने तरीके से पार्किंग शुल्क वसूलने पर अब सख्त कार्रवाई की जाएगी। उपमुख्यमंत्री सह नगर विकास एवं आवास मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने निर्देश दिया है कि सभी पार्किंग स्थलों पर रेट चार्ट लगाना अनिवार्य होगा, ताकि लोगों से निर्धारित शुल्क ही लिया जाए।
उन्होंने कहा कि कई जगहों से शिकायत मिल रही थी कि नियमों के खिलाफ चल रहे वाहनों से भी पार्किंग शुल्क लिया जा रहा है और कई पार्किंग स्थलों पर रेट चार्ट भी नहीं लगाया जाता। इस स्थिति को देखते हुए नगर निकायों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि सभी पार्किंग स्थलों पर दर सूची प्रदर्शित की जाए।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जो वाहन किसी पार्किंग स्थल पर खड़े नहीं हैं, उनसे पार्किंग शुल्क नहीं लिया जा सकता। उन्होंने नगर आयुक्तों और नगर कार्यपालक पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि नगर निकाय क्षेत्रों में सभी पार्किंग स्थलों पर रेट चार्ट लगाया जाए और नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शव वाहन से पार्किंग शुल्क नहीं लिया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, ताकि आम लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।