News

एआई के उपयोग से भूमि विवादों के निबटारे में आएगी तेजी, तकनीक के जरिए समय सीमा में उपलब्ध कराई जा सकेगी राजस्व सेवाएं : (Date: 15-03-2026)

पटना, विशेष संवाददाता।
उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री Vijay Kumar Sinha ने कहा है कि आधुनिक तकनीक और एआई के उपयोग से भूमि विवादों के निबटारे की प्रक्रिया में तेजी लाई जा सकेगी। उन्होंने कहा कि राजस्व प्रशासन को अधिक आधुनिक, पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए तकनीक का व्यापक उपयोग किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि एआई के प्रयोग से भूमि विवादों से जुड़े मामलों के निष्पादन में तेजी आएगी और लोगों को समय पर न्याय मिल सकेगा। इसके साथ ही राजस्व सेवाएं भी निर्धारित समय सीमा में नागरिकों को उपलब्ध कराई जा सकेंगी।

इस अवसर पर विभाग के सचिव Jai Singh ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि भूमि सुधार से संबंधित राजस्व कार्यों में तकनीक की भूमिका काफी महत्वपूर्ण है। आधुनिक तकनीक के समुचित उपयोग से न केवल कार्यों में गति आएगी, बल्कि आम नागरिकों को भी समय पर आवश्यक सेवाएं मिल सकेंगी।

उन्होंने अधिकारियों और डाटा एंट्री ऑपरेटरों को तकनीकी रूप से प्रशिक्षित करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि एआई आधारित प्रणाली से राजस्व कार्यों में पारदर्शिता बढ़ेगी। साथ ही बीडीएलआर केस तथा म्यूटेशन अपील से जुड़े मामलों में समय पर सुनवाई सुनिश्चित करने की आवश्यकता भी बताई गई।

कार्यक्रम में साइबर विशेषज्ञों ने एआई आधारित सुरक्षित कार्यप्रणाली पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने डिजिटल सिस्टम के उपयोग के साथ साइबर सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी, ताकि सरकारी डाटा सुरक्षित रहे और कार्यप्रणाली निर्बाध रूप से संचालित हो सके।

इस मौके पर भू-अभिलेख एवं परिमाण निदेशालय के कई अधिकारी तथा विभागीय पदाधिकारी भी उपस्थित थे।