News

राजस्व सेवा के 300 सीओ और आरओ काम पर लौटे- (Date: 17-03-2026)

पटना, संवाददाता। उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के आग्रह के बाद करीब 300 अंचलाधिकारी (सीओ) और राजस्व अधिकारी (आरओ) हड़ताल समाप्त कर काम पर लौट आए हैं। हालांकि हड़ताली संघ का दावा है कि जो अधिकारी सेवानिवृत्ति के कगार पर हैं या प्रमोशन पाकर आरओ बने हैं, उनमें से केवल तीन दर्जन अधिकारियों ने ही काम शुरू किया है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हड़ताल से लौटने वाले अधिकारियों को तत्काल कार्य में योगदान दिलाने का निर्देश सभी डीएम को दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि 24 घंटे के भीतर काम पर लौटने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। साथ ही हड़ताल की दोनों अवधि का समायोजन भी किया जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि सरकार का उद्देश्य टकराव नहीं, बल्कि संवाद और समन्वय के माध्यम से जनहित के कार्यों को गति देना है। मार्च का महीना राजस्व विभाग के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है, ऐसे में अधिकारियों की वापसी से कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है।