News

उपमुख्यमंत्री हर 15 दिन पर करेंगे सर्वेक्षण कार्य की समीक्षा- (Date: 19-03-2026)

पटना (राजसंस): राज्य में चल रहे विशेष सर्वेक्षण एवं बंदोबस्त कार्य को लेकर अब निगरानी और सख्त की जा रही है। उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने स्पष्ट कहा है कि वे स्वयं प्रत्येक 15 दिन पर सर्वेक्षण कार्य की समीक्षा करेंगे, ताकि कार्य में तेजी बनी रहे और तय समय पर लक्ष्य पूरा किया जा सके।

उपमुख्यमंत्री ने सभी जिलों के बंदोबस्त अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे प्रतिदिन तय लक्ष्य के अनुसार कार्य करें। उन्होंने कहा कि हर दिन का लक्ष्य निर्धारित हो, शाम को उसकी समीक्षा की जाए और रिपोर्ट मुख्यालय को भेजी जाए।

उन्होंने जोर देते हुए कहा कि कार्य में किसी प्रकार की सुस्ती अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जानकारी दी कि पहले चरण के 20 जिलों के 89 अंचलों में सर्वेक्षण का कार्य इस वर्ष के अंत तक हर हाल में पूरा करना है।

अभी तक 67 प्रतिशत से अधिक मौजों का ड्राफ्ट पब्लिकेशन हो चुका है, जबकि 33 प्रतिशत से अधिक का फाइनल पब्लिकेशन भी पूरा कर लिया गया है।