जमीन के विशेष सर्वेक्षण की हर 15 दिन पर होगी समीक्षा : (Date: 20-03-2026)
पटना, संवाददाता: राज्य में चल रहे विशेष भूमि सर्वेक्षण एवं बंदोबस्त कार्यक्रम को लेकर अब निगरानी और सख्ती बढ़ा दी गई है। उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने स्पष्ट कहा है कि वे स्वयं हर 15 दिन पर सर्वेक्षण कार्यों की समीक्षा करेंगे। उन्होंने कहा कि कार्य में तेजी लाना और तय समय पर लक्ष्य हासिल करना प्राथमिकता है।
उपमुख्यमंत्री ने सभी जिलों के बंदोबस्त अधिकारियों को निर्देश दिया है कि रोजाना तय लक्ष्य के अनुसार कार्य किया जाए। हर दिन का लक्ष्य निर्धारित हो, शाम में उसकी समीक्षा की जाए और रिपोर्ट मुख्यालय को भेजी जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या सुस्ती अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने बताया कि पहले चरण के तहत 20 जिलों के 89 अंचलों में सर्वेक्षण कार्य इस वर्ष के अंत तक हर हाल में पूरा करना है। अब तक 67 प्रतिशत से अधिक मौजों का ड्राफ्ट पब्लिकेशन किया जा चुका है, जबकि 33 प्रतिशत से अधिक का फाइनल पब्लिकेशन भी पूरा हो गया है।
दूसरे चरण में 36 जिलों के 445 अंचलों में सीमांकन, सीमा सत्यापन और किस्तवार कार्य को तेजी से पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
सर्वेक्षण कार्य की बेहतर मॉनिटरिंग के लिए भू-अभिलेख एवं परिमाप निदेशालय में एक विशेष मॉनिटरिंग सेल का गठन किया गया है, जो लगातार प्रगति पर नजर रखेगा।
उपमुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि शेखपुरा जिले में सर्वेक्षण कार्य अंतिम चरण में है, जहां एक-दो जिलों को छोड़कर अधिकांश जिलों में कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह अभियान भूमि प्रबंधन को पारदर्शी और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जिससे जमीन से जुड़े विवादों में कमी आएगी और आम लोगों को राहत मिलेगी।