News

उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने किया आर्ट ऑफ लिविंग के स्टॉल का उद्घाटन- (Date: 23-03-2026)

पटना। बिहार दिवस के पहले दिन आर्ट ऑफ लिविंग के स्टॉल पर भारी भीड़ देखने को मिली। इस स्टॉल का उद्घाटन उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने किया। उन्होंने मानवता के हित में आर्ट ऑफ लिविंग के प्रयासों की सराहना की।

इस मौके पर कृषि मंत्री राम कुमार यादव भी उपस्थित रहे। उन्होंने लोगों से बातचीत करते हुए योग और ध्यान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि तनावमुक्त जीवन के लिए आर्ट ऑफ लिविंग द्वारा चलाए जा रहे कार्यक्रम बेहद उपयोगी हैं।

कृषि मंत्री ने बताया कि इस स्टॉल पर किसी प्रकार की बिक्री नहीं की जा रही, बल्कि लोगों को तनावमुक्त जीवन जीने के तरीके बताए जा रहे हैं। यहां लोगों को सुखद और स्वस्थ जीवन के लिए योग, ध्यान और जीवनशैली से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जा रही हैं।

आर्ट ऑफ लिविंग के प्रशिक्षक और वॉलंटियर्स लोगों को कार्यक्रमों की जानकारी दे रहे हैं, जिससे लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। बिहार दिवस के अवसर पर गांधी मैदान में विभिन्न विभागों और संस्थानों के स्टॉल लगाए गए हैं, जहां आर्ट ऑफ लिविंग का स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

स्टॉल के माध्यम से आर्ट ऑफ लिविंग के विभिन्न कोर्स और कार्यक्रमों की जानकारी दी जा रही है। वर्तमान समय में बढ़ते तनाव को देखते हुए इस तरह के कार्यक्रमों की आवश्यकता और भी बढ़ गई है।

लोग प्रतिदिन सुबह 10 बजे से रात 9 बजे तक स्टॉल नंबर 5-6 पर जाकर आर्ट ऑफ लिविंग के कार्यक्रमों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।