News

सेवानिवृत्त अधिकारियों की संविदा पर होगी नियुक्ति: (Date: 27-03-2026)

पटना: राज्य में राजस्व कार्यों को गति देने और जनहित के कार्यों को बाधित होने से बचाने के लिए सरकार ने अहम निर्णय लिया है। उप मुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा है कि सेवानिवृत्त अधिकारियों को संविदा पर नियुक्त किया जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सीओ-आरओ की हड़ताल के बावजूद राजस्व कार्यों की रफ्तार बरकरार रखी जाएगी और किसी भी कीमत पर जनहित से जुड़े कार्य प्रभावित नहीं होने दिए जाएंगे।

श्री सिन्हा ने बताया कि राजस्व महाअभियान के तहत प्राप्त लगभग 46 लाख आवेदनों के निष्पादन के लिए सेवानिवृत्त अधिकारियों की सेवाएं ली जाएंगी। इन अधिकारियों को निर्धारित मानदेय पर बहाल किया जाएगा, ताकि लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा हो सके।

उन्होंने यह भी कहा कि जो अधिकारी समयसीमा समाप्त होने के बाद भी काम पर वापस नहीं लौटेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरकार की प्राथमिकता है कि आम जनता को राजस्व संबंधी सेवाएं समय पर मिलें और प्रशासनिक कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए।