राजस्व सेवा के हड़ताली अधिकारी आज काम पर लौटें, उचित मांगें पूरी होंगी:- (Date: 10-04-2026)
पटना: उप मुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने राजस्व सेवा के हड़ताली अधिकारियों को शुक्रवार तक काम पर लौटने की अंतिम चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो आमजन की समस्या के समाधान के उद्देश्य से सरकार नए नियुक्ति का रास्ता अपनाएगी। 11 मार्च से प्रारंभ हड़ताल के दौरान सिन्हा ने यह तीसरी चेतावनी दी है।
उन्होंने गुरुवार को कहा कि इसके बाद भी अधिकारी काम पर नहीं लौटते हैं तो सेवा खंडित मानी जाएगी। यदि वे काम पर लौट आते हैं तो उनके मामलों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अंचल अधिकारी और राजस्व अधिकारी राजस्व विभाग के अभिन्न अंग हैं और उनकी परेशानी दूर करना सरकार की पहली प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से बुधवार को रात नौ बजे तक विभागीय कार्यालय कक्ष में बैठकर प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत वार्ता की गई। अब तक छह बार बातचीत हो चुकी है।
सरकार उनकी जायज मांगों पर गंभीरता से विचार करने को तैयार है, लेकिन जो मांगें विभागीय या नीतिगत कारणों से पूरी नहीं की जा सकतीं, उन पर अड़े रहना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग दबाव की राजनीति कर रहे हैं, जो समाधान का रास्ता नहीं है।
उन्होंने आगे बताया कि राज्य में अभी भी 589 राजस्व सेवा के अधिकारी कार्यरत हैं और जो अधिकारी काम कर रहे हैं, उनके प्रति सरकार की पूरी सहानुभूति है। गुरुवार तक दाखिल-खारिज के 23,449, परिमार्जन के 96,469 और ई-मापी के 14,220 मामलों का निपटारा किया गया है।