यूपी में बेतिया राज की जमीन को अतिक्रमण से मुक्त किया जाएगा- (Date: 11-04-2026)
राज्य ब्यूरो, जागरण, पटना: सरकार दूसरे राज्यों में स्थित बेतिया राज की जमीन को भी अतिक्रमण से मुक्त कराकर उस पर अपना कब्जा स्थापित करेगी। उप मुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों में बेतिया राज की 175.53 एकड़ जमीन है। सिन्हा ने बताया कि बेतिया राज की जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराने वाली नियमावली के अनुसार उत्तर प्रदेश में स्थित बेतिया राज की संपत्तियों से जुड़े मामलों में सचिव, राजस्व परिषद को विशेष अधिकारी के रूप में नामित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अधिसूचना जारी होने के बाद यदि किसी पक्ष को उत्तर प्रदेश में स्थित बेतिया राज की संपत्तियों को लेकर आपत्ति होती है, तो वह सचिव, राजस्व परिषद के समक्ष आवेदन कर सकेगा। विशेष अधिकारी को वही अधिकार प्राप्त होंगे जो बिहार के मामलों में विशेष पदाधिकारी को दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि यदि किसी अधिभोगी द्वारा संबंधित संपत्ति को पूर्ण स्वामित्व में परिवर्तित कराने का आवेदन दिया जाता है, तो सचिव, उत्तर प्रदेश के संबंधित जिला समाहर्ता से उस संपत्ति की पूर्ण स्वामित्व राशि निर्धारित करने का अनुरोध करेंगे। समाहर्ता द्वारा निर्धारित राशि यदि राजस्व परिषद को स्वीकार्य होगी, तो उसी आधार पर आगे की प्रक्रिया संचालित की जाएगी।
यदि अधिभोगी निर्धारित राशि जमा नहीं करता है, तो सचिव संबंधित जिले के समाहर्ता से अनुरोध करेंगे कि उत्तर प्रदेश में लागू कानूनों के अनुसार अधिभोगी को बेदखल कर संपत्ति का कब्जा राजस्व परिषद को सौंप दिया जाए।