पटना, कार्यालय संवाददाता। बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने राजस्थान के उदयपुर स्थित महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के फार्म मशीनरी टेस्टिंग सेंटर का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान उन्होंने आधुनिक परीक्षण सुविधाओं एवं कृषि यंत्रों के परीक्षण की वैज्ञानिक प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
इस दौरान कृषि मंत्री ने केंद्र के विशेषज्ञों से विभिन्न कृषि यंत्रों के प्रदर्शन, परीक्षण मानकों एवं गुणवत्ता नियंत्रण प्रणाली के बारे में गहन जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कृषि यंत्रीकरण केवल मशीनों की उपलब्धता तक सीमित नहीं है, बल्कि किसानों तक सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण एवं उच्च कार्यक्षमता वाले कृषि यंत्र पहुंचाना उतना ही आवश्यक है।
मंत्री ने आगे कहा कि इसके लिए वैज्ञानिक परीक्षण और गुणवत्ता प्रमाणन की सुदृढ़ व्यवस्था अत्यंत महत्वपूर्ण है, ताकि किसानों को भरोसेमंद और टिकाऊ कृषि यंत्र मिल सकें।