कृषि विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक, उर्वरक-बीज उपलब्धता पर मंत्री का सख्त निर्देश: (Date: 20-07-2026)
पटना, कार्यालय संवाददाता। कृषि विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में आज राज्य में उर्वरक एवं बीज की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था तथा किसानों के हितों की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि राज्य के प्रत्येक किसान को समय पर पर्याप्त मात्रा में गुणवत्तापूर्ण उर्वरक एवं बीज उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यह भी निर्देश दिया गया कि किसी भी जिले या प्रखंड में कृत्रिम अभाव उत्पन्न न हो तथा स्थानीय आवश्यकता के अनुसार उर्वरकों की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
बैठक में उर्वरकों एवं बीज की कालाबाजारी, जमाखोरी तथा निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बिक्री के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति को और प्रभावी ढंग से लागू करने का निर्देश दिया गया। सभी उर्वरक प्रतिष्ठानों की नियमित जांच, पॉस मशीन से स्टॉक का सत्यापन तथा अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
साथ ही किसानों को संतुलित एवं वैज्ञानिक तरीके से उर्वरकों के उपयोग के प्रति जागरूक करने और विभागीय हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक के समापन पर कहा गया कि किसानों का हित ही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।